Invalid slider ID or alias.

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी एवं स्व. राजीव गांधी की मूर्ति का अनावरण देश के लिए बलिदान देने वालों का हो सम्मानः मुख्यमंत्री

 

वीरधरा न्यूज़।चित्तौड़गढ़@डेस्क।

चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के कार्यकाल में राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए। स्व. इंदिरा जी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने और पाकिस्तान को विभाजित कर बांग्लादेश बनवाने जैसे साहसिक निर्णय लिए। इस युद्ध में 90 हजार पाकिस्तानी सैनिकों को आत्मसमर्पण करवाने वाली भारतीय सैन्य शक्ति पर हम सबको गर्व है।
सीएम गहलोत मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में इंदिरा गांधी स्टेडियम में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी उद्यान में स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा के अनावरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 149 करोड़ रूपए के 32 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा अनावरण के बाद यहां आने वाले युवाओ को इन महान नेताओं के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आयी सरकारों द्वारा भारत के नव लोकतंत्र को सशक्त करने का कार्य किया गया। इसी का परिणाम है कि देश में संविधान लागू होने के साथ ही महिलाओं को मतदान करने का अधिकारी मिला, जबकि अन्य लोकतंत्रों में इसमें काफी समय लगा। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी एक महान नेता के रूप में देश के सामने आई। उन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग कर देश की अखंडता की रक्षा की। देश के लिए बलिदान देने वाले नेताओं का सभी के द्वारा सम्मान होना चाहिए।

सरकार की जन केंद्रित योजनाओं से आमजन को मिल रही राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सकारात्मक सोच के साथ हर वर्ग की प्रगति के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से आमजन को महंगे इलाज की चिंता से मुक्ति मिली है। इस योजना के तहत प्रदेशवासियों के लिए 10 लाख तक का इलाज निःशुल्क कर दिया गया है। लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, कॉक्लियर इम्प्लांट आदि जटिल उपचारों में 10 लाख की सीमा समाप्त कर दी गई है। सभी प्रकार की दवाईयां और जांचें निःशुल्क कर दी गई है। इसके अलावा 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा आमजन को दिया जा रहा है। इंदिरा रसोई में मात्र 8 रुपये में पौष्टिक भोजन परोसा जा रहा है। राज्य सरकार प्रति थाली 17 रुपए का अनुदान दे रही है। मंत्री स्वयं जाकर समय-समय पर इंदिरा रसोइयों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि भोजन की गुणवत्ता बनी रहे।

युवाओं को मिल रहा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याएं बनकर उभरी है। परन्तु राजस्थान में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान कार्यकाल में अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। लगभग इतने ही सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 1 लाख सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती की घोषणा की जा चुकी है। निजी क्षेत्र में भी रोजगार सृजित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में आयोजित इन्वेस्ट राजस्थान समिट में लगभग 11 लाख करोड़ रूपए के एमओयू साइन हुए हैं। इनकी क्रियान्विति से वृहद स्तर पर राज्य में रोजगार सृजित होंगे।

महिला शिक्षा में राज्य बढ़ रहा आगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के निर्णयों से महिला शिक्षा के क्षेत्र में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है। पिछले चार सालों में राज्य में 211 महाविद्यालय खुले हैं जिनमें 91 बालिका महाविद्यालय हैं। राज्य सरकार द्वारा किसी विद्यालय में 500 बालिकाओं का नामांकन होने पर महाविद्यालय खोले जाने का एतिहासिक निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति प्रतापसिंह खाचरियावास, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, राजस्थान हेरिटेज कंजर्वेशन एवं प्रमोशन ऑथोरिटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार, जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Don`t copy text!