वीरधरा न्यूज़। डूंगला@ श्री मोहन दास वैरागी।
बड़ीसादड़ी। वृक्ष हमारे प्राण है, इनकी रक्षा करना हमारा धर्म है। यह विचार विनायक ग्राम पंचायत मे स्थित देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक व्यक्ति एक वृक्ष अभियान के तहत सघन वृक्षारोपण की शुरुआत करते हुए अतिरिक्त विकास अधिकारी मदन लाल लोहार ने व्यक्त किये। बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए अतिरिक्त विकास अधिकारी लोहार ने कहा कि वृक्षों की कटाई अत्यंत चिंता जनक है।
वृक्षों की हर हाल में रक्षा करना हमारा धर्म है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार है। इंसान और वृक्ष एक दूसरे के पूरक सहयोगी है। वृक्ष एक होता है लेकिन उसके लाभ अनेक होते हैं। बिगड़ते जलवायु को ठीक करने में सघन वृक्षारोपण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अतिरिक्त विकास अधिकारी मदनलाल लोहार ने रामायण के प्रसंग के माध्यम से वृक्षारोपण में सभी की भागीदारी का महत्व समझाया। सरपंच राजकुमार जाट के नेतृत्व में देवदा विद्यालय में सघन वृक्षारोपण किया गया। महिलाएं नाचते गाते हुए स्कूल से पौधे लेकर खेल मैदान में वृक्षारोपण करने पहुंची। प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार जैन ने कहा कि पौधारोपण के बाद उनकी देखभाल करना बहुत जरूरी है। तब ही वृक्षारोपण अभियान पूरी तरह से सफल होगा। कार्यक्रम के आरंभ में संस्था प्रधान महेंद्र कुमार जैन ने अतिरिक्त विकास अधिकारी मदनलाल लोहार एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद अजीज का स्वागत किया।
इस अवसर पर कनिष्ठ लिपिक अंतिमबाला टांक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उदय लाल सुथार, शिक्षक कमलेश कुमार वैष्णव, पूरणदास वैष्णव, नरेंद्र सिंह तंवर, रामलक्ष्मण नागर, जगदीश चन्द्र सुथार, शिक्षिका रेखा पोखरना सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा ने किया। वृक्षारोपण में भागीदारी निभाने वाले समस्त ग्रामीणों को विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से जलपान कराया गया।