Invalid slider ID or alias.

उदयपुर-बच्चों के झगड़े में उदयपुर सुलगा, कई जगह हिंसा, गाड़ियां जलाईं, मॉल में तोड़फोड़-पथराव, धारा-163 लागू।

 

वीरधरा न्यूज़। उदयपुर@ डेस्क।

उदयपुर।राजस्थान के उदयपुर में शुक्रवार 16 अगस्त को सरकारी स्कूल के दो स्टूडेंट के झगड़े के कारण तनाव हो गया। लोगों ने शॉपिंग मॉल में तोड़फोड़ की और पथराव किया। एक गैरेज में खड़ी कारों को आग भी लगा दी। शाम 7 बजे के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसके बाद कलेक्टर ने शहर में धारा-163 लागू कर दी।

शांति बहाली की प्रशासन की कई कोशिशों के बावजूद देर शाम को दो पक्षों के बीच पथराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद सभी लोगाें को खदेड़ दिया। शहर में अभी भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, रात 8 बजे के बाद किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे हुई। यहां राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भटि्टयानी चौहट्‌टा में एक स्टूडेंट ने दूसरे छात्र को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद नाबालिग आरोपी फरार हो गया। स्कूल के टीचर घायल स्टूडेंट को महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।


घटना में शामिल दोनों स्टूडेंट अलग-अलग धर्म के हैं। मामले का पता चलते ही हिंदू संगठनों ने शहर के चेतक सर्किल, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, बापू बाजार और घंटाघर एरिया में दुकानें बंद करवा दीं। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने बताया कि नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है। एहतियातन पुलिस तैनात है
नाराज लोगों ने सरदारपुरा में गैरेज के बाहर खड़ी कारें जला दीं। पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

आरोपी और पीड़ित एक ही क्लास के स्टूडेंट

जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती ने बताया कि दोनों नाबालिग की उम्र करीब 15 साल है। दोनों एक ही क्लास में पढ़ते हैं। दोनों के बीच पहले क्या विवाद हुआ, इसके बारे में जानकारी नहीं है। जब लंच हुआ तो दोनों के बीच स्कूल के बाहर झगड़ा हुआ। इस झगड़े में एक स्टूडेंट ने दूसरे की जांघ में चाकू से दो-तीन वार कर घायल कर दिया। घायल स्टूडेंट चिल्लाने लगा तो टीचर दौड़कर बाहर आए।
बच्चे के परिजन को जब घटना की जानकारी मिली तो वे एमबी अस्पताल पहुंचे। यही नहीं, हिंदू संगठनों के लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचकर नारेबाजी की और घटना को लेकर आक्रोश जताया। हॉस्पिटल में पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है।

प्रिंसिपल बोलीं दोनों पढ़ाई में अच्छे, झगड़ते नहीं देखा

प्रिंसिपल ईशा धर्मावत ने बताया कि लंच के करीब 5 से 7 मिनट बाद अचानक स्कूल के बाहर से कुछ छात्र चिल्लाते हुए दौड़कर अंदर आए। मैंने तुरंत बाहर जाकर देखा तो हैरान रह गई। स्टूडेंट घायल अवस्था में था। मेरी स्कूटी पर बैठाकर स्टाफ ने उसे तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। दोनों छात्र पढ़ाई में अच्छे हैं। इससे पहले दोनों को स्कूल में कभी झगड़ते हुए नहीं देखा, न ही सुना। इस तरह की घटना ने हमें भी चौंका दिया।

उदयपुर शहर में 15 थानों की फोर्स तैनात की गई

उदयपुर एएसपी सिटी उमेश ओझा ने बताया कि शहर के लगभग सभी इलाकों में पुलिस बल तैनात है। इसमें शहर मे करीब 15 थानों का जाब्ता लगाया है। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है। सभी पुलिस अफसर फील्ड में रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। धारा 163 की पालना कराई जा रही है। लोगों से अपील है कि वे शांति बनाए रखें।
उदयपुर शहर के बापू बाजार में पहले कुछ दुकानें खुली थीं। लेकिन, हिंदू संगठनों के बढ़ते विरोध के बाद सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी हॉस्पिटल पहुंचे।

जयपुर से रिजर्व पुलिस की कंपनियां उदयपुर आई

उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने कहा कि घटना के बाद आक्रोश से उदयपुर में कुछ जगह पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। ऐसे इलाकों में पुलिस टुकड़ियां, मोबाइल वैन पार्टियां गश्त कर रही है और पुलिस बल भी बढ़ा दिया है।
एसपी ने कहा कि घायल बच्चे की स्थिति स्थिर है और सुधार हो रहा है। उसके खून ज्यादा बहने से स्थिति गंभीर हुई।
उन्होंने कहा कि पहले उदयपुर में जो अधिकारी यहां रहे, उनकी भी हमें मदद मिली है और रात से राउंड द क्लॉक ड्यूटी पुलिस की टीमों की लगाई गई है।
एसपी ने लोगों से अपील है कि आमजन किसी की बातों में नहीं आए। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे व्यक्ति जो माहौल खराब करते हैं, उनकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूप पर दें।
झगड़े के सवाल पर एसपी ने कहा कि बच्चों की आपस की बातचीत से झगड़ा हुआ। स्कूल के छात्र ने स्कूटी से छोटा चाकू लाकर छात्र की जांघ पर मारा। तुरंत हमारी टीम ने चाकू मारने वाले को डिटेन किया और दो अन्य लोग जो संदिग्ध है, उनको पकड़ा है।
तीन घंटे में हालात सामान्य हो जाएंगे

कलेक्टर बोले जो बच्चा घायल हुआ है, उसकी हालत स्थिर है। डॉक्टर अच्छे से अच्छा इलाज कर रहे हैं। मैं और एसपी पुलिस अधिकारियों के साथ एक घंटे तक शहर में घूमे थे। अभी शांति है। कुछ थाना क्षेत्र में दो से तीन गाड़ियों में आग लगाई थी। इसके अलावा कोई ऐसी घटना नहीं हुई है कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़े। उन्होंने कहा मैं शहरवासियों से अपील करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। अगले दो से तीन घंटे में हालात सामान्य कर दिए जाएंगे।

कलेक्टर-एसपी अस्पताल में मौजूद

कलेक्टर ने बताया कि दो स्टूडेंट में आज सुबह चाकूबाजी की घटना हुई थी। एक स्टूडेंट का आईसीयू में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा जल्द ही रिकवर हो जाएगा। डॉक्टरों को बच्चे के बेहतर उपचार का निर्देश दिया गया है। लोगों से अपील है कि अफवाह पर ध्यान नहीं दें।

लोडिंग टेंपो को भी आग के हवाले किया

आक्रोशित भीड़ ने चेतक सर्किल पर दुकान और एक मॉल में तोड़फोड़ की। इस दौरान कारों में भी तोड़फोड़ की गई और उनको उलटा कर दिया गया।
माॅल के कांच तोड़े
प्रदर्शनकारियों ने चेतक सर्किल पर बने अरवाना मॉल के कांच तोड़ दिए।

6 कारों को आग लगाई

उदयपुर के सरदारपुरा इलाके में 6 कारों को आग लगाई। इनमें 3 कारें पूरी तरह से जल गई। जहां कारों को आग लगाई गई है, उसके पास इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप भी है।

कलेक्टर बोले अफवाहों पर ध्यान न दें

घटना के बाद कलेक्टर अरविंद पोसवाल और एसपी योगेश गोयल एमबी हॉस्पिटल पहुंचे। कलेक्टर बोले डॉक्टर की टीम घायल बच्चे का इलाज कर रही है। बच्चा जल्द ही रिकवर होगा।
उन्होंने शहरवासियों से शांति की अपील करते हुए कहा शहरवासी अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

Don`t copy text!