Invalid slider ID or alias.

राजीविका का सखी सम्मेलन आयोजित मुख्यमंत्री ने चित्तौड़गढ़ की बुलबुल टांक से किया संवाद

 

वीरधरा न्यूज़।चित्तौडग़ढ़@डेस्क।

चित्तौड़गढ़। मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शुक्रवार को JECC, सीतापुरा जयपुर में राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद का राज्य स्तरीय सखी सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रत्येक जिले में जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को वीसी के माध्यम से जयपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम जोड़ा गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने चित्तौड़गढ़ की बुलबुल टांक से किया संवाद

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चित्तौड़गढ़ के घोसुंडा की पशु सखी बुलबुल टांक से संवाद किया। बुलबुल ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे कामधेनु योजना को बड़े पशुओं के अलावा छोटे पशुओं जैसे बकरी आदि के लिए भी चलाएं ताकि दुर्घटना होने पर गरीब महिलाएं वापस अपना रोजगार शुरू कर सकें। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इसे नोट कर लेता हूं, मैं इसका ध्यान रखूंगा।

मुख्यमंत्री ने बुलबुल से उनके द्वारा चलाई जा रही पाठशाला के बारे में पूछा, जिस पर बुलबुल ने बताया कि वह 50 महिलाओं की बाबा रामदेव पाठशाला चलती हैं, जिसमें लगभग 45 महिलाएं रोजाना आ जाती है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपका अच्छा प्रयोग है। मुख्यमंत्री ने बुलबुल से कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद आपने आगे बढ़कर यह काम किया होगा। इस पर बुलबुल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे 2018 में समूह से जुड़ी तथा 2020 से पशु सखी के पद पर कार्य कर रही है। जहां उन्हें 1500 रुपए महीने के मिलते हैं। उन्हें पशुओं के खनिज, लवण कीट आदि से महीने के 3000 रुपए मिल जाते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें राजीविका के माध्यम से सरस दूध की डेयरी मिली है जिससे वे पांच से छह हजार रूपए महीने के कमा लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने बुलबुल से उनके द्वारा की गई घोषणाओं के बारे में पूछा, जिस पर बुलबुल ने कहा कि उन्हें सुविधाएं पाकर बहुत अच्छा लगा है। मुख्यमंत्री खचाखच भरे ऑडिटोरियम को देखकर बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि आपका पूरा हॉल भरा हुआ है। बहुत सी बहने बैठी हैं। जाड़ावत जी बैठे हैं। सबको नमस्कार। सबको मेरी शुभकामनाएं।

बुलबुल ने मुख्यमंत्री से उनके पांव और तबीयत के बारे में पूछा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पांव फैक्चर हैं, फ्रैक्चर में टाइम लगता है। आप सब की दुआओं से वे ठीक हो रहे हैं। बुलबुल टांक ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरी शुभकामनाएं है कि आप इस बार ओर मुख्यमंत्री बने और महिलाओं को फायदा दिलवाए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपकी भावनाओं को समझ रहा हूं। बहुत शुक्रिया आपका। आपकी दुआएं हैं। मुखमंत्री ने कहा कि आप सब गांव वालों की सेवा करें। सरकार महिलाओं को 6800 रुपए प्रति स्मार्टफोन के गारंटी कार्ड देने के लिए 20 तारीख से कैंप लगा रही है। आप खुद तो गारंटी कार्ड ले ही साथ ही बाकी लोगों को भी गारंटी कार्ड दिलवाए।

बड़ी सादड़ी की कविता जानवा को बेस्ट लेखपाल (आईबी) का पुरुस्कार

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने JECC, सीतापुरा में आयोजित राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद के राज्य स्तरीय सखी सम्मेलन में बड़ी सादड़ी की श्रीमती कविता जानवा को बेस्ट लेखपाल (आईबी) का पुरुस्कार प्रदान किया। कविता जानवा बड़ी सादड़ी ब्लॉक के रानी लक्ष्मी बाई क्लस्टर लेवल फेडरेशन, भानुजा में क्लस्टर लेखपाल पद पर नवम्बर 2018 से कार्यरत है। उन्होंने नियमित रिकार्ड संधारण किया और ग्राम संगठन नियमित ग्रेडिंग एवं रिकॉर्ड सुधार करवाया। उन्होंने ग्राम संगठन सहायक एवं समूह बुक कीपर का नियमित सहयोग एवं मार्गदर्शन किया। इसके लिए उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष, राज्य मंत्री श्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी धायगुडे स्नेहल नाना, कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला, यूआईटी सचिव हिम्मत सिंह बारहठ, राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. महेंद्र सिंह मेहता, नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र सिंह यादव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, उपनिदेशक उद्यान शंकर लाल जाट, डीओआईटी संयुक्त निदेशक राजेंद्र सिंघल, जिला रोजगार अधिकारी मोहित सिंह शेखावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग परिवीक्षा अधिकारी विकास खटीक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रही।

Don`t copy text!