Invalid slider ID or alias.

सेंथी स्कूल में हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम राज्यमंत्री जाड़ावत ने कि शिरकत।

 

वीरधरा न्यूज़।चित्तौडग़ढ़@डेस्क।

चित्तौड़गढ़। विद्यार्थी जीवन बहुत कोमल समय होता है। स्कूली शिक्षा का महत्त्व इस बात से और अधिक बढ़ जाता है कि ज़िंदगी की ईमारत इसी नींव पर खड़ी होती है और एक दिन गगन चूमती है। विद्यालय संकल्प की पाठशाला होती है जहां युवा पीढ़ी अपने सपनों को गूंथ सकती है। आज हिन्दुतान को युवाओं से बहुत उम्मीदें हैं। चित्तौड़गढ़ के आसपास शिक्षा को लेकर अकादमिक माहौल बन चुका है। शैक्षणिक संस्थाओं की अब पर्याप्त उपलब्धता है। बस अब विद्यार्थियों को गुरुओं और अपनी माँ की दी हुई तालीम के सानिध्य में आगे बढ़ना होगा।
यह विचार राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेंथी में लोकार्पण एवं शिलान्यास के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग से विद्यालय में एक विशाल डोम के निर्माण की स्वीकृति हेतु आश्वासन दिया जिसका उपस्थित विद्यार्थी वर्ग ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
प्राचार्य डॉ.रेणु सोमानी के अनुसार यह समारोह मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना अंतर्गत निर्मित स्मार्ट क्लासरूम और पुस्तकालय भवन के लोकार्पण सहित नगर विकास न्यास के सहयोग से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्षाकक्षों के शिलान्यास हेतु सम्पन्न हुआ। आयोजन में अध्यक्षता करते हुए नगर परिषद् सभापति संदीप शर्मा ने नगर परिक्षेत्र में विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर कोंग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी ने ऐतिहासिक व्यक्तित्व के उदाहरण देते हुए ओजस्वी उद्बोधन दिया। अन्य शामिल हुए अतिथियों में कोंग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, मंडल अध्यक्ष साउथ ज़ोन विजय चौहान, नगर परिषद् के उप सभापति कैलाश पंवार, पार्षद राजू खटीक, शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, पार्षद प्रतिनिधि नरेश धाकड़, प्रांजल गर्ग, नगर कोंग्रेस उपाध्यक्ष आदित्य सेठिया, महात्मा गांधी विद्यालय चंदेरिया की प्राचार्य विनोद राठी, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य सुखलाल हेड़ा, बसंत हेड़ा, नगर विकास न्यास के इंजीनियर रमेश सालवी ने शिरकत की।
समारोह में स्वागत गीत छात्रा कृष्णा बैरागी ने गाया वहीं प्रियांशी के नेतृत्व में लोकरंग से गूंथी हुई समूह नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन व्याख्याता स्वाति दाधीच, वरिष्ठ अध्यापिका रेणु वर्मा ने किया। अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन उप प्राचार्य फ़ज़लू रहमान, व्याख्याता सुभाष त्रिपाठी, पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेन्द्र भानु सिंह, ने किया। मंच संचालय डॉ. माणिक ने किया।

Don`t copy text!