Invalid slider ID or alias.

हरियाली अमावस्या पर दुर्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध। अधिक भीड़ की संभावना से प्रशासन ने लिया निर्णय।

 

वीरधरा न्यूज़।चित्तौडग़ढ़@डेस्क।

चित्तौड़गढ़। सोमवार को जिले में मनाए जाने वाले हरियाली अमावस्या पर्व पर दुर्ग पर पर्यटकों के काफी संख्या में आने की संभावना के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। तिपहिया, चौपहिया व बड़े वाहनों का दुर्ग पर पूर्ण निषेध रहेगा। दुपहिया वाहन फतहप्रकाश महल तक जा सकेंगे।
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में प्रचुर मात्रा में पर्यटन स्थल होने व पर्यटन की श्रेणी में अग्रणी जिला होने की वजह से सोमवार को मनाये जाने वाले हरियाली अमावस्या पर्व पर जिले के पर्यटन स्थलों पर लोगो की भीड़ अधिक रहेगी। चित्तौड़गढ़ दुर्ग विश्व प्रसिद्ध होने से यहां पर्यटक भारी संख्या में वाहन के साथ आएंगे, जिससे उनके वाहनों से यातायात व कानून व्यवस्था सुचारू रखने की दृष्टि से हरियाली अमावस्या पर यातायात के पुख्ता प्रबंध करते हुए दुर्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध किया गया है।
इस अवसर पर किसी प्रकार की कोई दुघर्टना घटित ना हो और कानून व्यवस्था प्रभावीत ना हो इसके लिए हरियाली अमावस्या को देखते हुए दुर्ग पर समस्त प्रकार के वाहनों पर रोक लगाई गई है।
यातायात डीएसपी लाभूराम के अनुसार दुर्ग पर जाने वाले तिपहिया व चौपहिया वाहनों को पाडन पॉल से आगे नहीं जाने दिया जाएगा, पर्यटक अपने वाहन आयकर विभाग के पास खाली जमीन पर पार्क करके दुर्ग पर पैदल ही जा सकते है। ट्रैक्टर, बस व बड़े वाहन पन्नाधाय बस स्टैंड से आगे नहीं जाएंगे, उनकी पार्किंग ईनाणी सिटी सेंटर या पन्नाधाय बस स्टैंड पर की जा सकती है। दोपहिया वाहन दुर्ग पर फतहप्रकाश महल तक जा सकेंगे। दुर्ग पर निवासरत लोग के भी तिपहिया व चौपहिया वाहन सोमवार को दुर्ग पर नहीं आ जा सकेंगें।

Don`t copy text!