Invalid slider ID or alias.

रेल मंत्री ने बड़ी सादड़ी-मावली ब्रॉडगेज लाइन का किया लोकार्पण।

वीरधरा न्यूज़।चित्तोड़गढ़@डेस्क।

बड़ीसादड़ी/चित्तौड़गढ़। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बड़ीसादडी से मावली आमान परिवर्तित ब्रॉडगेज रेल लाइन का लोकार्पण किया। बड़ीसादडी में लोकार्पण समारोह के दौरान रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बड़ीसादडी-मावली-उदयपुर ट्रेन को रवाना किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 420 करोड़ की 82 किमी रेललाइन 6 वर्ष में बनकर तैयार हुई। इस मार्ग पर ब्रॉडगेज ट्रेन चलने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी। रेल मंत्री ने इस अवसर पर रीवा-उदयपुर ट्रेन को भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी दिखाकर रवाना किया। रेल मंत्री ने बड़ी सादड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने हर एक व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा करते हुए रेलवे अधिकारियों को प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।
लोकार्पण कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, चित्तौड़गढ़ सांसद सी. पी. जोशी, बड़ीसादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे। बड़ी सादड़ी से रेल चलने को लेकर सबसे ज्यादा खुशी यहां के स्थानीय निवासियों और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के चेहरे पर नजर आई। लोगों ने ट्रेन के साथ फोटो और सेल्फी भी ली।

स्टेशनों पर हुआ स्वागत

बड़ीसादड़ी में लोकार्पण समारोह के बाद ट्रेन शाम 4.30 बजे बड़ीसादड़ी से रवाना होकर बांसी-बोहेड़ा, कानोड़, भीण्डर, खेरोदा, वल्लभनगर होती हुई मावली स्टेशन पर पहुंची। मार्ग में आने वाले हर स्टेशन पर विभिन्न संगठनों व आमजन द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
यह रहेगा टाइम

रेलवे विभाग के अनुसार बड़ीसादड़ी-मावली-उदयपुर ट्रेन सप्ताह में सातों दिन चलेगी। बड़ीसादड़ी से सुबह 6 बजे रवाना होकर 6:12 बजे बांसी-बोहेड़ा, 6:29 बजे कानोड़, 6:44 बजे भींडर, 6:59 बजे खेरोदा, 7:16 बजे वल्लभनगर, 7:35 बजे मावली पहुंचेगी। मावली से सुबह 8 बजे रवाना होकर 8:10 बजे भीमल, 8:22 बजे खेमली, 8:34 बजे देबारी, 8:47 बजे राणाप्रताप नगर और सुबह 9:30 बजे उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। शाम 5:30 बजे उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन से बड़ी सादड़ी के लिए रवाना होकर इसी मार्ग से होते हुए रात 9 बजे बड़ीसादड़ी पहुंचेगी।

Don`t copy text!