Invalid slider ID or alias.

लोकसभा अध्यक्ष ने जोगणियां माता, बानोडा बालाजी के किए दर्शन, गायत्री परिवार के 108 कुण्डीय महायज्ञ में हुए शामिल।

वीरधरा न्यूज़।चित्तौड़गढ़@डेस्क।

चित्तौड़गढ़। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान सपत्निक जोगणियां माता तथा बानोडा बालाजी के दर्शन किए। वे गायत्री परिवार की ओर से आयोजित 108 कुण्डीय महायज्ञ में भी सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म हमें सत्य और सेवा का मार्ग दिखाता है जो सर्वश्रेष्ठ है।
स्पीकर बिरला शुक्रवार को सबसे पहले बिजौलिया तहसील के ऊपरमाल क्षेत्र में गायत्री परिवार की ओर से आयोजित 108 कुण्डीय महायज्ञ में पहुंचे। यहां गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया गया। स्पीकर बिरला ने यहां सबसे पहले मां गायत्री के चरणों में पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पत्नी डा. अमिता बिरला के साथ यज्ञ में भी सम्मिलित हुए।

इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि पृथ्वी पर प्रत्येक जीव के भीतर मां गायत्री प्राण.शक्ति के रूप में मौजूद हैं। उनके ध्यान मात्र से विचारों में शुद्धता आती है और मन एवं चित्त को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। गायत्री परिवार अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। इन सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा में गायत्री परिवार सम्पूर्ण विश्व में धार्मिक-आध्यात्मिक जनजागरण करने में सफल रहा है।

इस अवसर पर बिरला ने गायत्री परिवार के माध्यम से आध्यात्मिक- धार्मिक-सामाजिक जनजागरण में पं. श्रीराम आचार्य और मां भगवती देवी के योगदान का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पं. श्रीराम आचार्य के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार ने मानवीय एकता और समानता के सिद्धांतों को आगे बढ़ाया। हमारे वेदों और ऋषियों के सदियों पुराने ज्ञान से जनमानस का एक नया परिचय करवाते हुए गायत्री परिवार ने सम्पूर्ण विश्व में वसुधैव कुटुम्बकम के दर्शन का अभ्यास और प्रचार किया।

पूरे देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा जोगणियां माता मंदिर

चित्तौड़गढ़। स्पीकर बिरला और उनकी पत्नी डा. अमिता बिरला ने बिजौलिया के श्री जोगणिया माता के दर्शन कर सबके लिए खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार के अवसर पर आयोजित स्वर्ण कलश प्रतिष्ठा महोत्सव में भी भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि मां जोगणिया जी के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। राजस्थान ही नहीं अन्य प्रदेशों से भी श्रद्धालु यहां मां के दर्शनों को आते हैं। मां की कृपा से यह सम्पूर्ण क्षेत्र समृद्ध और फलीभूत है।

जोगणियाँ माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के अथक प्रयासों और परिश्रम से इस प्राचीन मंदिर को नया और भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। आज का दिन बहुत शुभ है जब यहां 64 योगिनियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आने वाले दो वर्षों में जब मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो जाएगा तो यह पूरे भारत के लोगों की आस्था का केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि भारत में धर्म के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। हमारा देश हर संकट और चुनौती का सामना भगवान की कृपा के कारण ही कर पाता है। कोरोना महामारी के समय भी धर्म और आध्यात्म की शक्ति ने हमें संबल दिया। धर्म हमें हर विपदा का सामना करने की शक्ति देता है।

मेवाड़ शौर्य और आध्यात्म की भूमि, यह मिलती है नई ऊर्जा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ जिले की जयनगर पंचायत क्षेत्र में स्थित बनोड़ा बालाजी मंदिर में बालाजी और शेषावतार कल्ला जी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेवाड़ की धरती शौर्य और पराक्रम के साथ आध्यात्मक और दर्शन की भी भूमि है। यहां आने पर हमें एक नई और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि दूसरे देश भले ही भौतिक संसाधनों में काफी आगे हों, लेकिन भारत भूमि शांति और कल्याण की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम जो भी काम करें वह सबके लिए शुभ हो। हमें कोई पाप नहीं हो और हम हमेशा दूसरों खासकर पंक्ति में अंतिम खड़े व्यक्ति का कल्याण कर सकें।
इससे पहले स्पीकर ओम बिरला के जोगणिया माता पहुंचने पर जिला कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान सांसद सी.पी. जोशी, जनप्रतिनिधि एवं समाज जन उपस्थित थे।

Don`t copy text!