Invalid slider ID or alias.

चित्तोडगढ़-जिलें में गोवर्धन पूजा कर खेखरा धूमधाम से मनाया तो दूसरी ओर अफीम किसानों ने मनाई काली दिवाली।

वीरधरा न्यूज़।चित्तोडगढ़@श्री अनिल सुखवाल।


चित्तोडगढ़।दीवाली के अगले दिन मेवाड़ की पावन धरा चित्तौड़गढ़ में खेखरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तो दूसरी ओर राजस्थान मध्यप्रदेश के अफीम किसान प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर मनाई काली दीवाली पर किसान अफीम पट्टों की मांग को लेकर उदास दिखाई दिए। गांवों में महिलाएं सुबह जल्दी उठी तथा अपने घरों के बाहर गोबर से गोवर्धन जी बनाकर उनकी पूजा अर्चना करते हुए सुख शांति की कामना की। शाम तक गांवों में किसानों ने अपने बैलों एवं ट्रैक्टरों को लच्छा डोरी व कलर से सजाया। शाम को बैलों की पूजा अर्चना के बाद उनके आगे पटाखे फोड़े और उन्हें भड़काया गया। रात्रि में घास भैरू की सवारी भी निकाली गई। किसान वर्ग ने दीपावली के दूसरे दिन एक दूसरे के घर पर जाकर दीपावली की राम श्यामा की और क्षेत्र के बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया तथा बराबरी उम्र के लोगों ने एक दूजे का मुंह मीठा कराया और दिवाली की शुभकामनाएं दी। चित्तौड़गढ़ मुख्यालय पर गोवर्धन पूजा की अनोखी रस्म देखनें को मिली जहां पर राजस्थान मध्य प्रदेश के अफीम किसानों के प्रतिनिधियों ने फूलों से गोवर्धनजी बनाकर चारों तरफ दीप प्रज्ज्वलित किए साथ ही केन्द्र सरकार से सभी अफीम किसानों के कटे पट्टे वापस देने की मांग की। चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्री स्थित धरना स्थल पर अफीम किसानों ने काली दीवाली के बाद गोवर्धन पूजा कर परम्परा निभाई। चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट चौराहे पर जिला कलक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर गोवर्धन पूजा करते की रस्म पूरी करते समय भारतीय अफीम किसान संघर्ष समिति के संरक्षक मांगीलाल मेघवाल “बिलोट”,
रूप लाल धाकड़ नाल बेगूं, भवानी राम कुम्हार पावली,
गोपाल सुथार, किशन लाल जाट देवरिया के साथ भारतीय जागरूक किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभियंता अनिल सुखवाल आदि उपस्थित रहे। उन्होंने देश वासियों को दिपावली की मंगलकामनाएं प्रेषित की है।

चित्तौड़गढ़ के समीपवर्ती गांव सेगवां राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को बास्केटबॉल मैदान में 301 दीपक जलाकर दीपावली मनाई। जहां पर गांव के खेल प्रेमियों के साथ ही बास्केटबॉल खिलाड़ी भी उपस्थित थे।

निंबाहेड़ा पेच एरिया के समीप पुराने चुंगी नाका के पास अहीरो का पुरा में शुक्रवार को दोपहर में सहकारिता एवं इन्दिरा गांधी नहर परियोजना मंत्री उदयलाल आंजना ने क्षैत्रवासियों से मिलकर दीपावली की शुभकामनाए प्रेषित की साथ ही मंत्री आंजना द्वारा मेवाड की रिति-रिवाज के अनुसार गोवर्धन व घासभैरू जी की विधिवत पूजा अर्चना कर मंत्री आंजना ने देश -प्रदेश एवं क्षैत्र में खुशहाली रहे व किसानो की अच्छी फसलो का उत्पादन हो एवं कोरोना जैसी महामारी से बचाने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रारम्भ में मंत्री आंजना के अहीरो का पुरा पहुंचने पर अहीर का पुरा वासियों द्वारा उपरना ओढ़ाकर स्वागत अभिनन्दन किया।
निम्बाहेड़ा के श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर भारत में यहां शोडस लक्ष्मी की विधिवत पूजा अर्चना के साथ ज्योति पर्व श्रृद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पुरू सुक्त की स्थापना पर 25 हजार पाठ प्रारंभ किए गए जो देवोत्थापन एकादशी तक जारी रहेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि दीपावली को ठाकुर जी की संध्या महाआरती के पश्चात ध्यान केंद्र में स्थापित शोडस लक्ष्मी की उनके मंत्रों के साथ आराधना कर सुख समृद्धि एवं धन धान्य से परिपूर्ण होने की कामना की गई।

गंगरार के खारखंदा पंचायत के इंदौरा ग्राम में गोवर्धन पूजा शाम को बेलों की पूजा की गई।
सभी कास्तकार अपने बेलों की जोडिय़ां को लेकर गांव के बीच में स्थित मंदिर प्रांगण में पहुंचे और सामूहिक रूप से अपने बेलों की जोडिय़ों की पूजा अर्चना कर उनको गुड लापसी खिलाने के बाद उन्हें भड़काया गया।

राशमी क्षेत्र में महिलाओं ने गोवर्धन पूजा की तथा गांवों में बैलों की पूजन कर बैलों को पटाखे फोड़ भड़काया गया।

भूपालसागर में गुर्जर समाज के लोगों ने बिना कुछ खाए पिये नदियों और तालाबों के पानी किनारे जाकर दाब से बनाई बैलगाड़ी की पूजा अर्चना कर पूर्वजों को दूध खीर का भोग लगाकर सामूहिक रूप श्राद्ध पर्व मनाया। गोवर्धन पूजा कर बैलों की पूजा अर्चना कर मनाई गई।

आकोला कस्बे में बैलों की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान कुछ जगहों पर आतिशबाजी के दौरान एक दूसरे पर पटाखे फैंकने पर माहौल गर्मा गया।

भदेसर में शाम को ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने एक जगह पर एकत्रित होकर गायों एवं बैलों की सामूहिक पूजा अर्चना कर पटाखे फोड़े और बैलों को भड़़काया।

खोड़ीप क्षेत्र के लोगों ने खदान में जाकर पत्थर स्टाक एवं खदानों की पूजा अर्चना की। किसानों ने बैलों एवं गाय भैंस को स्नान कराया, मेहंदी लगाई। शाम को पूजा कर चावल खिलाए फिर पटाखे फोड़े और बैलों को भड़काया गया।

भादसाेड़ा में श्रीकृष्णआदिनाथ गौशाला की गायों की सेवा कर खेखरा पर्व मनाया। लोगों ने गायों को स्नान कराया मेहंदी लगाने के बाद नृसिंह द्वार के पास खेल ग्राउंड में उनकी पूजा-अर्चना लापसी खिलाई गई। सांसद सीपी जोशी ने पैतृक गांव भादसोड़ा में नगर के लोगों से मिलकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी।

निकुंभ में लोगों ने नए खरीदें हुए वाहनों के साथ अपने कृषि सम्बन्धी उपकरणों के साथ वाहनों और ट्रैक्टरों की पूजा अर्चना कर उनकी मालाओं से सजावट की। दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के साथ खेखरा पर्व मनाया। महिलाओं ने घरों के आगे गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाई और सजावट की। शाम को बेलों हल समेत कृषि उपकरणों की पूजा की गई। निकुंभ सरपंच ने गांव के आमजन के बीच जाकर दीपावली मनाई। बच्चों को मिठाइयां खिलाई एवं पटाखे वितरित किए। सामूहिक रूप से महिलाओं ने गोवर्धनजी की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की मंगलकामनाएं की।

डूंगला कस्बे के मंदिरों में खेखरा पर्व पर भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और बैलों की पूजा अर्चना कर उन्हें पटाखे फोड़ भड़काया गया।

बड़ीसादड़ी में महिलाओं ने गोवर्धन की पूजा अर्चना की। बैलों की आरती उतारने के बाद गोबर से बनाई गोवर्धनजी को बैलों के पैरों से रौंदवाया गया। ऐसी मान्यता है कि ऐसा करने से सालभर बैलों के कोई रोग नहीं होता है। अंत में अन्नकूट की प्रसादी का आयोजन भी हुआ। घास बावजी की सवारी निकाली गई।

बेगूं के पास चोरों की देवी कहलाने वाली जोगणियामाता शक्तिपीठ पर गोवर्धन पूजा के साथ गोशाला का शुभारंभ किया गया। शक्तिपीठ पर गोमाता की पूजा एवं मुंह मीठा कराकर गोशाला में प्रवेश कराया गया।
जोगणियामाता शक्तिपीठ, सूर्य मंदिर, गायत्री मंदिर, हनुमान मंदिर पर अन्नकूट का भोग लगाया गया।
बस्सी कस्बे में महिलाओं ने गोवर्धनजी की पूजा की तो वहीं गांवों के भीतर किसानों ने अपने बैलों को सजा धजा कर उनकी पूजा अर्चना की और पटाखे जलाकर उन्हें भड़काया गया। क्षेत्र में जरुरतमंदों को मिठाईयां और वस्त्रों का वितरण भी किया गया।

Don`t copy text!